Ranchi : झारखंड के उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार करीब 100 आरोपियों की जमानत याचिका पर शनिवार को आंशिक सुनवाई हुई। यह सुनवाई AJC योगेश कुमार की कोर्ट में हुई, लेकिन पूरी बहस नहीं हो सकी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से केस डायरी पेश करने के लिए कोर्ट से अतिरिक्त समय की मांग की गई। इससे पहले कोर्ट ने केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक इसे दाखिल नहीं किया जा सका है।
अगली सुनवाई की तारीख तय
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल को तय की है। इसी दिन सभी आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर आगे की सुनवाई होगी।इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को पेपर लीक रैकेट से जुड़े आरोपों के तहत जेल भेजा गया है। कुल करीब 100 आरोपी इस केस में जमानत की मांग कर रहे हैं।
पेपर लीक मामले की जांच जारी
जानकारी के अनुसार, यह मामला संगठित तरीके से चल रहे पेपर लीक नेटवर्क से जुड़ा है, जिसमें अभ्यर्थियों को पैसे लेकर प्रश्नपत्र और उत्तर उपलब्ध कराने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। अब सभी की नजर 29 अप्रैल की सुनवाई पर है, जहां अदालत जमानत पर आगे की स्थिति स्पष्ट करेगी।