Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा रविवार को झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा-2025 का आयोजन किया गया। राजधानी रांची के 96 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है- पहली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक।
सुबह से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे अभ्यर्थी
सुबह 8 बजे से ही परीक्षार्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। एंट्री से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई, उसके बाद ही अंदर जाने दिया गया।
नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों के 100 से 200 मीटर के दायरे को निषेध क्षेत्र घोषित किया है। इस इलाके में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और किसी भी तरह की नकल सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
एडमिट कार्ड और पहचान पत्र अनिवार्य
प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया था कि एडमिट कार्ड के साथ मूल पहचान पत्र लाना जरूरी है। बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए खास व्यवस्था
महिला परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल और शौचालय की विशेष व्यवस्था की गई है।
कंट्रोल रूम से रखी जा रही निगरानी
पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी भी शिकायत या आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर सख्ती

शहर के कई बड़े स्कूल और कॉलेज जैसे सेंट पॉल कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, सेंट जेवियर्स कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर कड़े दिशा-निर्देशों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है।
Also Read : झारखंड में बढ़ी भीषण गर्मी, तापमान 40°C के पार जाने की आशंका


