Jamshedpur : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर कैंपस में शनिवार को एक छात्र की रहस्यमयी मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गुजरात के अहमदाबाद निवासी 21 वर्षीय जयवीर सिंह दरिया के रूप में हुई है, जो मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष का छात्र था।
खून से लथपथ मिला छात्र
शनिवार सुबह अटल बिहारी वाजपेयी हॉल के सामने जयवीर की खून से सनी बॉडी मिली। कैंपस के सुरक्षा गार्ड्स ने सबसे पहले उसे देखा और तुरंत संस्थान के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को बीसी रॉय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आठवीं मंजिल से गिरने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि छात्र आठ मंजिला इमारत की छत से गिरा है। हालांकि यह हादसा है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को ऑटोप्सी के लिए भेज दिया है और जांच जारी है।
लगातार हो रही घटनाओं से बढ़ी चिंता
आईआईटी खड़गपुर में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले 16 महीनों में अब तक आठ छात्रों और रिसर्चर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है, जिनमें से ज्यादातर घटनाएं कैंपस के भीतर हुई हैं।
सेफ्टी और मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल
एक के बाद एक हो रही घटनाओं ने छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि संस्थान में काउंसलिंग और सहायता की व्यवस्था मौजूद है, फिर भी ऐसे मामलों का सामने आना चिंता बढ़ा रहा है।
Also Read : बिहार से दिल्ली-बेंगलुरु के लिए 3 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत


