Saraikela : जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। उत्पाद विभाग सरायकेला और चौका पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से भारी मात्रा में नकली शराब और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मिरुडीह गांव में लंबे समय से अवैध तरीके से अंग्रेजी शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। इसी आधार पर रविवार रात संयुक्त टीम ने छापेमारी की, जो सोमवार सुबह करीब 8 बजे तक चली।
भारी मात्रा में नकली शराब और उपकरण जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में नकली शराब, अलग-अलग ब्रांड के खाली बोतल, ढक्कन, स्टिकर, ड्रम, डेकची समेत पैकेजिंग और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए। पूरे परिसर को सील कर जब्त सामग्री को कब्जे में ले लिया गया है।
इलाके में हड़कंप, नेटवर्क की जांच शुरू
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान में जुट गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि नकली शराब निर्माण और सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : साहिबगंज कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, 10 दिन में दूसरी बार मचा हड़कंप


