Dhanbad : धनबाद रेल मंडल ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से देशभर में अपनी बादशाहत साबित की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंडल ने माल ढुलाई और कमाई दोनों में देश में पहला स्थान हासिल किया है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता में इसकी विस्तृत जानकारी दी।
कोयला परिवहन में बनाया नया रिकॉर्ड
धनबाद रेल मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में 194.73 मिलियन टन कोयले का परिवहन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह आंकड़ा इसे देश में नंबर वन बनाता है, जबकि बिलासपुर रेल मंडल 194.05 मिलियन टन के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
कमाई में भी सबसे आगे
राजस्व के मामले में भी धनबाद मंडल ने अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंडल ने कुल 23,773.24 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जो देश में सबसे अधिक है। इस मामले में भी बिलासपुर मंडल 23,645.34 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
यात्री सेवाओं से भी बढ़ी आय
यात्री सेवाओं में भी मंडल का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस वर्ष 279.25 लाख यात्रियों ने धनबाद मंडल की सेवाओं का लाभ उठाया। यात्री किराए से 529.88 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.88 करोड़ रुपये अधिक है।
बिना टिकट यात्रियों पर कार्रवाई, करोड़ों की वसूली
मंडल द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा और बिना बुक किए गए सामान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। कुल 3.64 लाख मामलों की पहचान कर 21.97 करोड़ रुपये की वसूली की गई।
इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा पर फोकस
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मंडल यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है, ताकि आने वाले समय में प्रदर्शन और बेहतर हो सके।
Also Read : नहाने गए दो युवक डैम में डूबे, लातेहार में दर्दनाक हादसा


