Palamu : जिले के पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव में लूटपाट का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर लूटपाट की और विरोध करने पर बैजनाथ सिंह नामक बुजुर्ग को गोली मार दी। घायल को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घर में घुसकर की लूटपाट, विरोध करने पर फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, चार की संख्या में अपराधी बैजनाथ सिंह के घर में घुसे और लूटपाट करने लगे। इस दौरान जब बैजनाथ सिंह ने उनका विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके जांघ में लगी।
ऑपरेशन कर निकाली गई गोली
घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
मौके से खोखा बरामद, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। थाना प्रभारी राजेश रंजन के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में लूटपाट के दौरान गोली चलाने की बात सामने आई है, लेकिन जांच में कुछ अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की भी जानकारी मिली है, जिन पर काम किया जा रहा है।
अफीम क्षेत्र में वारदात, कई एंगल पर जांच
जिस इलाके में यह घटना हुई है, वह अफीम की खेती के लिए भी चर्चित रहा है। ऐसे में पुलिस इस मामले को कई एंगल से जांच रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Also Read : पतरातू में अपराधियों का तांडव, दूध फैक्ट्री गेट पर फायरिंग और बमबाजी


