Assam : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम विधानसभा चुनाव के तहत मज़बत और रांगापाड़ा विधानसभा क्षेत्रों में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने मज़बत से प्रीति रेखा बारला और रांगापाड़ा से मैथ्यू टोपनो के पक्ष में प्रचार करते हुए लोगों से समर्थन की अपील की।


चाय बागान श्रमिकों के हक की उठाई बात
हेमंत सोरेन ने कहा कि इस क्षेत्र की असली ताकत चाय बागान के श्रमिक, किसान और आदिवासी समाज हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने अपनी मेहनत से बागानों को सींचा, लेकिन उन्हें आज तक उनका हक और सम्मान नहीं मिला।
बुनियादी सुविधाओं की कमी पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई चाय बागान क्षेत्रों में आज भी बिजली, सड़क और पक्के मकान जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है, जिसे अब दूर करना जरूरी है।
एकजुटता को बताया सबसे बड़ी ताकत
सोरेन ने कहा कि अगर मजदूर, किसान और आदिवासी समाज एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएंगे, तो कोई भी उनकी मांगों को अनदेखा नहीं कर पाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोच-समझकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें और केवल वादों में न उलझें।
सौहार्द और विकास पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में शांति और आपसी भाईचारा विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि विभाजन की राजनीति विकास में बाधा बनती है, इसलिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।
Also Read : रांची में सरदार पटेल जयंती कार्यक्रम, राज्यपाल ने दिए एकता और संकल्प के संदेश


