Gumla : गुमला में सोमवार को SP हारिस बिन जमां की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक SP कार्यालय के सभागार में हुई, जिसमें जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस
आगामी त्योहारों जैसे होली, सरहुल, ईद और रामनवमी को देखते हुए एसपी ने सभी अधिकारियों को खास निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पर्वों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए इलाके में लगातार निगरानी और संवेदनशील जगहों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
गंभीर अपराधों की हुई समीक्षा
बैठक में हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, POCSO और SC-ST एक्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई हो और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
नशा, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर सख्ती
अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस को कहा गया कि ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी करें और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
लंबित मामलों और वारंट पर फोकस
बैठक में लंबित मामलों, वारंट, कुर्की और इश्तेहार के निष्पादन को लेकर भी समीक्षा हुई। एसपी ने साफ कहा कि इन सभी मामलों को समय पर पूरा किया जाए और किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए।
जनता से जुड़े कामों को प्राथमिकता
जन शिकायतों, सूचना का अधिकार (RTI) और चरित्र सत्यापन जैसे मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आम लोगों से जुड़े कामों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूरा करें।
सड़क सुरक्षा और जागरूकता अभियान पर जोर
सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए हेलमेट, शराब पीकर गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
तकनीकी सिस्टम और ऐप्स की भी समीक्षा
बैठक में eDAR, डायल 112, e-Sakshya, Sudarshana और Gandiva जैसे ऐप्स से जुड़े कामकाज की भी समीक्षा की गई। एसपी ने कहा कि इन तकनीकी माध्यमों का बेहतर इस्तेमाल कर पुलिसिंग को और मजबूत बनाया जाए।
खराब प्रदर्शन पर चेतावनी, अच्छे काम पर सराहना
बैठक के दौरान जिन थाना प्रभारियों का प्रदर्शन कमजोर रहा, उन्हें चेतावनी दी गई। वहीं अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित भी किया गया।
अपराधियों पर नजर, लगातार चेकिंग का निर्देश
एसपी ने जमानत पर बाहर आए अपराधियों पर नजर रखने और इलाके में नियमित वाहन चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को लगातार सक्रिय रहना होगा।

Also Read : ‘अपनों’ के खिलाफ उतरेंगे संजू और जडेजा, CSK vs RR में दिखेगा इमोशन का असली खेल


