Gumla : गुमला जिले के चैनपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोगो मोड़ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते वक्त एक ने तोड़ा दम
हादसे में अनीश तिग्गा (26) की हालत बेहद गंभीर हो गई थी, जबकि अमित रोसन बारवे (18) भी गंभीर रूप से घायल था। दोनों को इलाज के लिए पहले चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही अनीश तिग्गा ने दम तोड़ दिया, जबकि अमित का इलाज जारी है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य दिलीप बड़ाइक मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपनी पहल पर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने उनकी तत्परता की सराहना की और कहा कि समय पर मदद मिलने से एक की जान बचाने की कोशिश की जा सकी।
स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं, उठे सवाल
इस हादसे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जब घायलों को चैनपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, उस समय वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। जिला परिषद सदस्य दिलीप बड़ाइक ने इसे गंभीर लापरवाही बताया और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही जारी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ना वजह माना जा रहा है।
परिवार में पसरा मातम
इस हादसे के बाद अनीश तिग्गा के परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक पल में खुशियां गम में बदल गईं। वहीं घायल अमित जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
Also Read : टैंकर पर चढ़कर बना रहा था रील, हाईटेंशन करंट से एक की मौत, दूसरा झुलसा

