
Ranchi :झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) ने राज्य में बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में नामांकन के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 26 अप्रैल को होनी थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 10 मई कर दिया गया है।
अब इन शहरों में होगी परीक्षा
पर्षद के अनुसार, यह प्रवेश परीक्षा रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा के केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। राज्यभर के अभ्यर्थियों के लिए इन शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी
छात्रों को राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख भी बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 7 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
पहले आवेदन की आखिरी तारीख 25 मार्च थी, जिसे बढ़ाकर अतिरिक्त समय दिया गया है।
सुधार का भी मिलेगा मौका
जो अभ्यर्थी आवेदन में किसी तरह की गलती सुधारना चाहते हैं, वे 8 और 9 अप्रैल को करेक्शन कर सकते हैं। यह सुविधा उन छात्रों के लिए खास है, जिनसे फॉर्म भरते समय कोई त्रुटि हो गई हो।
एडमिट कार्ड कब मिलेगा
अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से चार दिन पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।
परीक्षा पैटर्न कैसा रहेगा
यह परीक्षा OMR आधारित होगी, जिसमें कुल 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। हर प्रश्न एक अंक का होगा और गलत जवाब पर 0.25 अंक काटे जाएंगे, यानी निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी।
सीटों का पूरा गणित
कुल सीटों में 85 प्रतिशत सीटें झारखंड के विश्वविद्यालयों से पास अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। वहीं, बाकी 15 प्रतिशत सीटें ओपन कैटेगरी की होंगी, जिनमें दूसरे राज्यों के छात्र भी नामांकन ले सकेंगे।
D.El.Ed को लेकर भी अपडेट
राज्य के पांचों प्रमंडलों में एक-एक डायट में डीएलएड (D.El.Ed) की पढ़ाई शुरू की जाएगी। हर संस्थान में 50 सीटों पर नामांकन होगा। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में यह कोर्स डायट, रातू में संचालित होगा। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
छात्रों के लिए राहत भरा फैसला
परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने और आवेदन की समय सीमा बढ़ने से छात्रों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। पर्षद ने साफ किया है कि बाकी शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और प्रक्रिया पहले की तरह ही जारी रहेगी।

