Koderma/Giridih : गिरिडीह के घोड़थम्बा से एक बच्ची को इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दर्दनाक हादसा हो गया। कोडरमा के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर पहाड़पुर के पास एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें डेढ़ साल की बच्ची आयुषी कुमारी की मौत हो गई।
इलाज के लिए निकले थे परिजन
मिली जानकारी के अनुसार, घोड़थम्बा के रहने वाले विनोद पांडेय अपनी डेढ़ साल की भतीजी आयुषी कुमारी के इलाज के लिए एंबुलेंस से कोडरमा सदर अस्पताल जा रहे थे। उनके साथ रिश्तेदार प्रमिला देवी और महेश पांडेय भी मौजूद थे। सभी लोग बच्ची को समय पर इलाज दिलाने की कोशिश में थे।
हाइवा के कारण एंबुलेंस चालक ने संतुलन खोया
बताया जा रहा है कि नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास सामने से आ रही एक हाइवा ने अचानक एंबुलेंस को चकमा दे दिया। इससे एंबुलेंस चालक संतुलन खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एंबुलेंस में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर बच्ची ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डेढ़ वर्षीय आयुषी कुमारी की मौत हो गई। बाकी घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया। पुलिस की जांच की जा रही है और इसके साथ ही फरार हाइवा की पहचान करने की कोशिश जारी है।
Also Read : रांची विवि के लॉ इंस्टीट्यूट में नए दाखिलों पर रोक, हाई कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट


