Pakur : पाकुड़ में नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्षा शबरी पाल ने मंगलवार को अपनी पहली ही बैठक में सख्त तेवर दिखाए। नगर परिषद कार्यालय में हुई इस बैठक में त्योहारों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कार्यपालकधे अमरेंद्र कुमार चौधरी और उपाध्यक्ष राणा ओझा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
त्योहारों को लेकर खास तैयारी
ईद, रामनवमी और सरहुल जैसे बड़े त्योहार सामने हैं, ऐसे में शहर की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर खास जोर दिया गया। अध्यक्षा ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान शहर में कहीं भी गंदगी या अव्यवस्था नजर नहीं आनी चाहिए।
खराब लाइट और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश
बैठक में सबसे ज्यादा जोर स्ट्रीट लाइट और बिजली कनेक्शन पर दिया गया। निर्देश दिया गया कि शहर में जहां-जहां स्ट्रीट लाइट खराब हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। अध्यक्षा ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी इलाके में अंधेरा नहीं होना चाहिए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पानी की सुविधा बढ़ाने पर जोर
शहरी जलापूर्ति को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी वार्डों में कैंप लगाकर ‘गंगा पानी’ के नए कनेक्शन जल्द से जल्द दिए जाएं। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक साफ पानी की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
बैठक में सहायक अभियन्ता पीयूष शंकर और नगर मिशन प्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा सहित अन्य कर्मियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
Also Read : ईद पर दिनदहाड़े झपटमारी, महिला के कान से बाली छीनी, इलाके में दहशत


