Bokaro : बालीडीह थाना क्षेत्र के विंशुनपुर गांव में शुक्रवार को बच्चा चोरी की अफवाह के चलते ग्रामीणों ने एक महिला को संदिग्ध समझकर रोक लिया। सूचना मिलते ही बालीडीह थाना प्रभारी नवीन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया।
महिला को ग्रामीणों से सुरक्षित निकाला
पुलिस ने महिला को ग्रामीणों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। मामले की जांच शुरू की गई। जांच में महिला की पहचान राजगंज निवासी मनीषा देवी के रूप में हुई।
प्रचार-प्रसार का काम कर रही थी महिला
मनीषा देवी ने पुलिस को बताया कि वह “डी एक्शन” नामक नेटवर्किंग कंपनी से जुड़ी हैं और कंपनी के चाय उत्पाद का प्रचार-प्रसार एवं बिक्री करती हैं। वह पिछले दो दिनों से बोकारो सेक्टर-11 में अपनी बहन के किराए के मकान में ठहरी हुई थीं।
दस्तावेज और प्रमाण सत्यापित
जांच में यह भी सामने आया कि एक दिन पूर्व मनीषा देवी ने जैनामोड़ क्षेत्र में स्टॉल लगाकर लोगों को उत्पाद की जानकारी दी थी और चाय बेची थी। उनके पास कंपनी से जुड़े दस्तावेज, उत्पाद की जानकारी और फोटोग्राफ मौजूद थे। पुलिस ने इन्हें सत्यापित किया।
अफवाह निकली निराधार
सत्यापन के बाद स्पष्ट हुआ कि बच्चा चोरी की सूचना पूरी तरह से अफवाह थी। महिला को सुरक्षित छोड़ दिया गया और गांव में शांति बहाल हुई।
पुलिस की अपील
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत 112 पर कॉल करें या नजदीकी थाना को सूचित करें।
Also Read : गिरिडीह में ट्रक और ऑटो की टक्कर, एक की इलाज के दौरान मौत

