Ranchi : राजधानी रांची में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। केरल से एक व्यक्ति एम्बुलेंस बुक कर मरीज को रांची लेकर आया, लेकिन यहां पहुंचने के बाद वह एम्बुलेंस चालक को बिना किराया दिए ही फरार हो गया। लंबी दूरी तय कर रांची पहुंचे चालक के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई।
एल्बर्ट एक्का चौक पर परेशान मिला चालक
बताया जा रहा है कि देर रात जब रांची के एसएसपी राकेश रंजन शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे, उसी दौरान उनकी नजर अल्बर्ट एक्का चौक के पास खड़े एक परेशान व्यक्ति पर पड़ी। वह व्यक्ति एम्बुलेंस चालक था और काफी चिंतित नजर आ रहा था।
एसएसपी राकेश रंजन ने गाड़ी रुकवाकर उससे पूछताछ की। चालक ने पूरी घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह केरल से मरीज को लेकर रांची आया था, लेकिन यहां पहुंचते ही मरीज के साथ आया व्यक्ति बिना किराया दिए भाग गया। लंबी दूरी तय करने के बाद पैसे न मिलने से वह सदमे में था।

एसएसपी ने सुनी पूरी बात, तुरंत दिया मदद का भरोसा
चालक की बात सुनने के बाद एसएसपी ने उसे मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने तुरंत बरियातू थाना को निर्देश दिया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। इसके बाद पीसीआर वाहन से चालक को सुरक्षित बरियातू थाना भेजा गया।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है, जिसने एम्बुलेंस बुक कर चालक को ठगा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान हो सके।
Also Read : NTPC के लोगों को ‘सेंधरा’ की चेतावनी, पूर्व विधायक योगेंद्र साव का वीडियो वायरल


