Koderma : कोडरमा में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चंदवारा थाना क्षेत्र में बंद पड़े एक मुर्गी फार्म में चल रही नकली शराब फैक्ट्री पर छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब, स्प्रिट, लेबल, ढक्कन और रसायन बरामद किए गए हैं। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई आरोपी फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि चंदवारा के भुईंया टोली स्थित एक बंद मुर्गी फार्म में बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और तुरंत छापेमारी की गई।
पुलिस को देख भागने लगे लोग
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोग भागने लगे। पीछा कर दो लोगों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया कुमार और गोपाल सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कई अहम खुलासे किए। उन्होंने बताया कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से चलाया जा रहा था और कई लोग इसमें शामिल हैं। मुख्य सरगना के रूप में पियुष पांडेय और उसके भाई का नाम सामने आया है।
फैक्ट्री से क्या-क्या मिला
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 191.2 लीटर नकली शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 120 लीटर स्प्रिट, सैकड़ों खाली बोतलें, हजारों ढक्कन, लेबल, बारकोड स्टीकर, रासायनिक पदार्थ और झारखंड उत्पाद विभाग का फर्जी लोगो भी जब्त किया गया। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

कई आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक इस धंधे में कई और लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सभी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस मामले में चंदवारा थाना में संबंधित धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
संगठित तरीके से चल रहा था नेटवर्क
प्राथमिक जांच में यह साफ हुआ है कि यह कोई छोटा-मोटा काम नहीं था, बल्कि संगठित तरीके से नकली शराब तैयार कर उसे बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह शराब किन-किन इलाकों में भेजी जाती थी और इस नेटवर्क से और कौन लोग जुड़े हैं। कोडरमा पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Also Read : महाशिवरात्रि पर चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा, IG बोकारो ने VC में दिए सख्त निर्देश

