Jamshedpur : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मिश्रा मंगलवार को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आदित्यपुर से लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया।
यात्री सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
दौरे का मुख्य उद्देश्य था यात्री सुविधाओं में सुधार और चल रही व प्रस्तावित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना। निरीक्षण के दौरान जीएम ने कहा कि टाटानगर स्टेशन पर लगातार बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के लिए आदित्यपुर स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
आदित्यपुर से कई अहम ट्रेनें चलेंगी
जीएम ने बताया कि आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव और परिचालन आदित्यपुर से सुनिश्चित किया जाएगा। इसका मकसद यात्रियों को टाटानगर का एक बेहतर और सुगम विकल्प उपलब्ध कराना है।
नवनिर्मित स्टेशन भवन का निरीक्षण
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने नवनिर्मित आदित्यपुर रेलवे स्टेशन भवन का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजन और बुजुर्गों के लिए लिफ्ट व रैंप का निर्माण, लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म का विस्तार, और टाटानगर रेलवे यार्ड से जुड़ी थर्ड लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
चक्रधरपुर रेल मंडल में आदित्यपुर की बढ़ती भूमिका
इस अवसर पर चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। जीएम ने साफ कहा कि भविष्य में चक्रधरपुर रेल मंडल में आदित्यपुर स्टेशन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने वाली है।
Also Read : लातेहार पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, उग्रवादी और तस्कर गिरफ्तार

