Johar Live Desk : भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को मजबूत शुरुआत की। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के स्पष्ट होने से निवेशकों में भरोसा बढ़ा, वहीं घरेलू आर्थिक संकेतकों में सुधार और वैश्विक तनाव में कमी ने भी बाजार को समर्थन दिया।
सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त
बाजार खुलते ही सेंसेक्स 370 अंकों की बढ़त के साथ 83,950 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 117 अंक ऊपर होकर 25,811 के आसपास कारोबार कर रहा था। इस तेजी से निवेशकों का उत्साह बढ़ा हुआ दिखा।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी
बड़े शेयरों के साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.66 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.85 प्रतिशत ऊपर गया।
PSU बैंक और मेटल सेक्टर में चमक
सेक्टोरल इंडेक्स में सभी शेयर हरे निशान में रहे। सबसे ज्यादा तेजी सरकारी बैंकों के शेयरों में देखने को मिली, PSU बैंक इंडेक्स 2.45 प्रतिशत बढ़ा। मेटल सेक्टर में भी 1.56 प्रतिशत की मजबूती रही। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मांग में सुधार और वैश्विक संकेतों का असर है।
निफ्टी के अहम स्तर
विशेषज्ञों के अनुसार निफ्टी के लिए 25,550 से 25,600 का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। वहीं 25,850 से 25,900 का स्तर प्रमुख रेजिस्टेंस है।
विदेशी निवेशकों और बाजार को मिली राहत
भारत-अमेरिका ट्रेड डील से निवेशकों को बड़ी राहत मिली है। निर्यात और विदेशी निवेश में स्पष्टता आई है। साथ ही रिजर्व बैंक का रेपो रेट यथास्थिति बनाए रखना और न्यूट्रल रुख भी बाजार को सहारा दे रहा है।
वैश्विक बाजारों का असर
एशियाई बाजारों में भी मजबूती देखी गई। जापान, चीन, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के शेयर हरे निशान में बंद हुए। अमेरिकी बाजार भी सकारात्मक रहे, जिसका असर घरेलू बाजार पर पड़ा।
Also Read : राज्य में निकाय चुनाव के बाद लागू होगा SIR, धनबाद में 72% मैपिंग कार्य पूरा

