Hazaribagh : हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र के बरही चौक के पास स्थित जय माता दी ज्वेलर्स में हुई लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम रामाशीष चौधरी है। रामाशीष चौधरी को पुलिस ने उसके घर से दबोचा है। बताया गया कि वह एक दुर्घटना में घायल हो गया था और अपने घर पर इलाज करा रहा था। इस बात का खुलासा बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने किया है।
एसडीपीओ ने मीडिया को बताया कि घटना 16 नवंबर 2025 की रात करीब 9 बजे की है। दुकान संचालक सुरेन्द्र कुमार अपनी दुकान से नए और पुराने सोने-चांदी के आभूषण चार बैग में भरकर कार में रख रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने कार का शीशा तोड़कर चारों बैग लूट लिए। भागने के क्रम में अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग भी की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना के अगले दिन यानी 17 नवंबर को बरही थाना कांड संख्या 439/25 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया। SIT टीम ने गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ही कांड का खुलासा कर दिया था।
पुलिस ने पहले ही इस मामले में इन्द्रराज चौधरी, रौशन यादव, धनंजय चौधरी उर्फ छोटू और टोलू उर्फ अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इनके पास से लूटे गए आभूषण, घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन भी बरामद किए गए थे।
घटना में शामिल दो आरोपी फरार चल रहे थे। इसी क्रम में बीते 4 फरवरी को पुलिस ने छापेमारी कर फरार आरोपी रामाशीष चौधरी को उसके घर से गिरफ्तार किया। वह एक दुर्घटना में घायल होने के बाद अपने घर पर इलाज करा रहा था। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामाशीष चौधरी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ आमस थाना में लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं।
Also Read : रांची मेयर चुनाव में बड़ा मुकाबला तय, स्क्रूटनी के बाद सभी 19 प्रत्याशी मैदान में


