Godda : गोड्डा के देवडाँड़ थाना क्षेत्र के ग्राम परगोडीह में पुलिस ने साइबर ठगी करते हुए चार युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 28 जनवरी की शाम गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
डीएसपी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे कुछ युवक बैठकर मोबाइल के माध्यम से लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश में गश्ती दल ने छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार (21), अजय केवट (22), नितेश कुमार मंडल (29) और निरंजन मंडल (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में सभी ने साइबर ठगी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, दो खाली सिम, तीन क्रेडिट कार्ड, एक एसबीआई पासबुक, एक आईडीबीआई चेकबुक और तीन एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
इस मामले में देवडाँड़ थाना कांड संख्या 03/26 दिनांक 28 जनवरी 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल का नेतृत्व ट्रेनी डॉ कुमार गौरव ने किया। उनके साथ नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली, देवडाँड़ थाना प्रभारी अमित मारकी, एएसआई सदानंद सरस सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से दूर रहें। किसी भी तरह की ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Also Read : अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी 2026-27 : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा- हर वर्ग को आगे बढ़ाने वाला हो बजट


