Ranchi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 130वां एपिसोड रविवार को देशभर के साथ झारखंड में भी प्रसारित हुआ। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यक्रम सुनने के लिए जुटे।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू अपने दो दिवसीय सांगठनिक दौरे के क्रम में रविवार को वासुकीनाथ पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मंत्री मुन्ना मिश्र सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यक्रम के बाद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हर महीने प्रस्तुत किया जाने वाला ‘मन की बात’ भारत की प्रगति, संस्कृति और गौरवशाली विरासत का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश की हर पीढ़ी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है और समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को सरल भाषा में आम लोगों तक पहुंचाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन भारतीय पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा दिखाता है। भजनों और सांस्कृतिक विषयों के माध्यम से युवाओं का सनातन संस्कृति से जुड़ाव बढ़ रहा है, जिससे देश की सांस्कृतिक चेतना सशक्त होती है। आदित्य साहू ने युवाओं से नियमित रूप से ‘मन की बात’ सुनने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के धुर्वा इलाके में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संबोधन देश को उसकी जड़ों से जोड़ता है। यह लोगों को भारत के गौरवशाली इतिहास पर गर्व करने की प्रेरणा देता है और आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण का संदेश देता है।
वहीं रांची महानगर के सुखदेव नगर मंडल में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। हरमू क्षेत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनते नजर आए। प्रदेशभर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखा गया।
Also Read : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बासुकीनाथ धाम में की पूजा, कार्यकर्ताओं से भी की मुलाकात

