Ranchi : आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के रियल एस्टेट कारोबारी सरदार सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। ACB ने उन्हें रांची से हिरासत में लिया। यह गिरफ्तारी विनय चौबे और विनय सिंह के खिलाफ चल रही आय से अधिक संपत्ति की जांच से जुड़ी हुई है। ACB के अधिकारियों के अनुसार, सुरेंद्र सिंह को गुरुवार को पूछताछ के लिए ACB मुख्यालय बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान वह जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पा रहे थे। इसके बाद ACB ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह बात सामने आई है कि विनय चौबे के साले की पत्नी प्रियंका त्रिवेदी के नाम पर खरीदे गए एक फ्लैट की खरीद-बिक्री में सुरेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही है। वर्ष 2017 में सुरेंद्र सिंह ने पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर प्रियंका त्रिवेदी को यह फ्लैट करीब 43 लाख रुपये में बेचा था। ACB को संदेह है कि इस फ्लैट की खरीद में विनय चौबे का अवैध धन लगाया गया था और इसे रिश्तेदार के नाम पर निवेश किया गया। इसी शक के आधार पर इस सौदे की गहराई से जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जनवरी 2026 की शुरुआत में ACB ने सुरेंद्र सिंह को रांची बुलाकर फ्लैट से जुड़े दस्तावेजों की जांच की थी। इस दौरान लेनदेन में इस्तेमाल की गई रकम के स्रोत को लेकर भी उनसे जानकारी जुटाई गई थी, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। इस मामले में ACB पहले ही रांची के कारोबारी श्रवण जालान और ज्योतिष एन.के. बेरा से पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आय से अधिक संपत्ति को किस-किस के नाम पर और किन माध्यमों से निवेश किया गया। फिलहाल ACB इस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Also Read : “झारखंड को बंगाल नहीं बनने देंगे”, ED ऑफिस पर घेराव के आरोपों के बीच निशिकांत दुबे का अल्टीमेटम

