Gumla : गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। हादसा मंगलवार रात नटावल गांव के पास पहाड़ी इलाके में हुआ। मृतक की पहचान कांजी गांव निवासी अंजलैश मिंज (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंजलैश मिंज बाइक से कहीं जा रहे थे और तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक और उनका शरीर पेड़ पर ही टंग गया। हादसा देर रात हुआ, इसलिए तुरंत किसी की नजर नहीं पड़ी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और पास जाकर देखने पर मृत होने की पुष्टि हुई।
ग्रामीणों ने तुरंत डुमरी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह बताया है। दुर्घटना के कारणों की पूरी जांच की जा रही है।
Also Read : फिलीपींस हिली: 6.7 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत, प्रशासन अलर्ट पर


