Ranchi : उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत माघ मेला के आयोजन को देखते हुए रेल मंडल से चलने वाली कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
ट्रेन संख्या 18609 लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 7 जनवरी से 11 फरवरी तक अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन अब पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन होकर चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इस ट्रेन का वाराणसी, ज्ञानपुर रोड और प्रयागराज स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। इसके स्थान पर ट्रेन प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर रुकेगी, जहां इसका आगमन समय 10:30 बजे और प्रस्थान समय 10:35 बजे निर्धारित है।
इसी तरह ट्रेन संख्या 18610 लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 13 फरवरी तक परिवर्तित मार्ग मानिकपुर–प्रयागराज छिवकी–मिर्जापुर–पंडित दीन दयाल उपाध्याय होकर चलेगी। इस दौरान इस ट्रेन का भी प्रयागराज और वाराणसी स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर इसका आगमन 15:45 बजे और प्रस्थान 15:50 बजे होगा।
इसके अलावा नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों का आंशिक संचालन किया जा रहा है। ट्रेन संख्या 12365 पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस का 7 जनवरी तक नामकोम स्टेशन पर आंशिक समापन होगा। वहीं ट्रेन संख्या 12366 पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस का 7 जनवरी तक नामकोम स्टेशन से आंशिक प्रारंभ होगा। इस अवधि में इन ट्रेनों का नामकोम से आगे का परिचालन रद्द रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।


