Ranchi : झारखंड में नए साल की शुरुआत के साथ ठंड से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है, जिससे ठंड दोबारा बढ़ेगी।
गुमला सबसे ठंडा राज्य
पिछले 24 घंटे में गुमला जिला राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार की सुबह कुछ स्थानों पर कोहरा रहेगा, लेकिन बाद में आसमान साफ हो जाएगा। अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। संताल और कोल्हान क्षेत्र के कुछ जिलों में सुबह कुहासा रह सकता है, जो धूप निकलने के बाद छंट जाएगा। गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में सुबह-शाम कोहरा छा सकता है।
जमशेदपुर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड
जमशेदपुर में इस बार ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। घने कोहरे के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है। बीते छह साल में पहली बार ऐसा हुआ है जब दिसंबर महीने में यहां का अधिकतम तापमान एक भी दिन 30 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा। वहीं रांची में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Also Read : दिनदहाड़े बेखौफ डकैती, 8 मिनट में 5 लाख के जेवर और कैश ले उड़े डकैत


