Dhanbad : धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित खेतान टावर कॉम्पलेक्स में मंगलवार की सुबह एक ज्वेलरी दुकान पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। श्रवण कुमार खेतान ने पुलिस को बताया कि उनके टावर कॉम्पलेक्स में स्थित श्री जमुना दास, विशेश्वर लाल ऑर्नामेंट्स नामक ज्वेलरी की दुकान में 10-15 हथियारबंद अपराधियों ने गार्ड को बंधक बना कर लूटपाट की। घटना में अपराधियों ने दुकान से लगभग 20-22 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 300-400 ग्राम सोने के गहने के साथ कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी लूट लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के दिशा-निर्देश पर बाघमारा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल कुल 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोना और चांदी के गहने बरामद हुए हैं। पुलिस ने बरामद सामान की विस्तृत सूची जारी की है, जिसमें सोने के कंगन, कान के टॉप, चांदी की बिछिया, पायल, गलास, चमच, चिराग, कटोरे, थाल, चेन, ब्रेसलेट सहित अन्य घरेलू और धार्मिक सामान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और बरामद गहनों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पर लगाम लगाने में अहम मानी जा रही है।
Also Read : तदाशा मिश्र बनीं नियमित डीजीपी, अधिसूचना जारी

