Palamu : धान अधिप्राप्ति को लेकर किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से तीन जागरूकता रथ को रवाना किया गया। DC समीरा एस और अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इन रथों को रवाना किया।
ये जागरूकता रथ खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत चल रहे धान खरीद अभियान की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएंगे। उपायुक्त ने बताया कि धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है। पलामू जिले में धान खरीद के लिए कुल 63 अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि किसान ई-उपार्जन मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं, स्लॉट बुक कर सकते हैं और भुगतान की स्थिति भी देख सकते हैं। सभी अधिप्राप्ति केंद्रों पर ई-पॉस मशीन से बायोमेट्रिक सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे लेन-देन पूरी तरह सुरक्षित रहे।
जागरूकता रथ के माध्यम से पीडीएस, राशन कार्ड, खाद्य सुरक्षा योजना और उपभोक्ता अधिकार से जुड़ी अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी।
वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने किसानों से अपील की कि वे अपना धान केवल निर्धारित अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही बेचें और किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं। उन्होंने ऐसे किसानों से भी आग्रह किया, जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, कि वे जल्द से जल्द ई-उपार्जन पोर्टल पर अपना निबंधन कराएं।

