Sahibganj : साहिबगंज के बरहरवा वन क्षेत्र में बासकोला गांव से वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक स्लॉथ भालू को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भालू को संरक्षण में ले लिया।
यह रेस्क्यू अभियान उप वन परिसर पदाधिकारी सनी रजक और राजेश टुडू के नेतृत्व में संचालित किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भालू को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया था और उससे करतब कराए जा रहे थे, जो कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत गंभीर अपराध है। वन विभाग की टीम के आने की जानकारी मिलते ही भालू के साथ मौजूद मदारी मौके से फरार हो गया।
वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने बताया कि रेस्क्यू किए गए भालू की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है और उसे सुरक्षित पुनर्वास के लिए उपयुक्त केंद्र भेजने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही, फरार मदारी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है और उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीवों के साथ अवैध गतिविधि, बंधक बनाना या शिकार की जानकारी मिले, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Also Read : डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक


