Palamu : पलामू में सोमवार को DC समीरा एस की अध्यक्षता में भू-अर्जन और सड़क निर्माण परियोजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गई। समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में एनएच-75, फोरलेन, आरओआर, आरओबी और सरकार की अन्य सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की समीक्षा
बैठक में DC ने NHAI की विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण, एलपीसी निर्गमन, मुआवजा भुगतान, और लंबित फाइलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित सीओ और भू-अर्जन पदाधिकारी आपस में लगातार संपर्क में रहें और रैयतों की शिकायतों के निराकरण में तत्परता दिखाएं। उन्होंने पाया कि कुछ मामले संबंधित एजेंसियों के स्तर पर लंबित हैं। इस पर डीसी ने एजेंसियों को पेपरवर्क मजबूत रखने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कोल माइंस प्रतिनिधियों संग बैठक
भू-अर्जन बैठक के बाद डीसी ने जिले में संचालित कोल माइंस के प्रतिनिधियों के साथ अलग बैठक की। इस दौरान उन्होंने माइंस से संबंधित विभिन्न ग्रिवांसेज की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अंचल अधिकारियों से बातचीत कर इनके समाधान का निर्देश दिया। DC ने त्रिमूला माइंस के लंबित लैंड शेड्यूल कार्य को 10 दिनों के भीतर पूरा करने का आदेश दिया। इसके लिए संबंधित सीओ को आवश्यक सहयोग देने को कहा गया। बैठक में कई माइंस प्रतिनिधियों ने एक्सप्लोसिव हेतु एनओसी की समस्या भी उठाई, जिस पर डीसी ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। जीएम जेजेलैंड के एनओसी मुद्दे पर भी चर्चा की गई।
माइंस से विकास को गति मिलने पर जोर
डीसी ने कहा कि कोल माइंस का सुचारू रूप से संचालन जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए माइंस प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को एक टीम की तरह समन्वय बनाकर काम करना चाहिए। बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विजय केरकेट्टा, हुसैनाबाद भूमि सुधार उप समाहर्ता, विभिन्न माइंस प्रतिनिधि और संबंधित अंचलाधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : झारखंड कैबिनेट की बैठक में 33 अहम प्रस्तावों पर मुहर… देखें


