Palamu : जिले के चर्चित कारोबारी प्रमोद कुमार अग्रवाल को GST चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अग्रवाल ने कारोबार की दुनिया में कुछ हजार रुपए की पूंजी से शुरुआत की थी। गुटखा कारोबार में सफलता मिलने के बाद वे लोहा व्यापार में भी सक्रिय हो गए।
डीजीजीआई जमशेदपुर यूनिट की जांच में सामने आया कि उन्होंने 200 करोड़ रुपए से अधिक का लोहा कच्चे बिल पर बेचकर 35 करोड़ रुपए से ज्यादा GST छिपाई।
जांच टीम ने 2 दिसंबर से मेदिनीनगर में उनके तीन ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में डिजिटल साक्ष्य और कई दस्तावेज बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में 35 करोड़ रुपए की चोरी की पुष्टि हुई है। अधिकारियों के अनुसार, आगे की जांच में यह राशि और बढ़ सकती है।
छापेमारी के बाद प्रमोद अग्रवाल को जमशेदपुर ले जाकर पूछताछ और मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, लोहा व्यापार के जरिए अग्रवाल का नेटवर्क झारखंड और बिहार के कई शहरों के कारोबारियों तक फैला हुआ था। DGGI की टीम अब इस नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और आगे कई अन्य व्यापारी भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।
Also Read : सिमडेगा मंडल कारा का औचक निरीक्षण, भोजन से लेकर सुरक्षा तक सभी व्यवस्थाओं की जांच


