Simdega : सिमडेगा की DC कंचन सिंह ने जिले के ईवीएम (EVM) वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। DC ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मशीनों को निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित रखा जाए और नियमित अंतराल पर सुरक्षा जांच अनिवार्य रूप से की जाए।

निरीक्षण के दौरान DC ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों, सुरक्षा गार्डों की तैनाती तथा प्रवेश व निकास रजिस्टर की जांच की। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम में पहुंचकर कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग सिस्टम और निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी उपकरण पूरी तरह कार्यशील रहें तथा किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाए।

DC ने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षाबलों की लॉग बुक और ड्यूटी चार्ट की भी जांच की। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को सतर्क, संवेदनशील और सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोपरि है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Also Read : रांची के पाब्लो रेस्टोरेंट में रेड, एक दर्जन से ज्यादा लोग हिरासत में

