Ramgarh : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सेवा और सामाजिक सरोकार का एक और यादगार अध्याय 8 फरवरी 2026 को लिखा जाएगा। रामगढ़ के सिद्धू–कानू मैदान में सांसद मनीष जायसवाल की पहल से सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह लगातार तीसरी बार आयोजित हो रहा है और इस बार 101 निर्धन बेटियों के विवाह संपन्न होंगे।
सांसद मनीष जायसवाल ने यह सेवा कार्य 2024 में शुरू किया था, जब हजारीबाग के डीपीएस स्कूल में 25 गरीब बेटियों का विवाह किया गया। इसके बाद 2025 में कंचन ग्राउंड में 101 बेटियों का विवाह हुआ, जिसमें करीब 50 हजार लोगों ने हिस्सा लिया और इसे जन-उत्सव का स्वरूप दिया।
इस बार रामगढ़ के सिद्धू–कानू मैदान को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। रंगीन पंडाल, रोशनी और पारंपरिक सजावट से मैदान को भव्य विवाह स्थल में बदला जाएगा। पिछले दो वर्षों की तरह इस बार भी कोलकाता के आचार्य राघव पंडित म्यूजिकल फेरों के माध्यम से विवाह की रस्में संपन्न कराएंगे।

सांसद मनीष जायसवाल समाज सेवा के कार्यों में आगे रहे हैं। वे तीर्थ दर्शन अभियान, निर्धन परिवारों को राशन उपलब्ध कराना, बेटियों को लहंगा भेंट करना और जरूरतमंदों की सहायता जैसी कई योजनाओं के माध्यम से जनसेवा को बढ़ावा देते रहे हैं।
समारोह में रामगढ़ के फुटबॉल ग्राउंड से 101 लड़कों की बारात निकलेगी, जो गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ सिद्धू–कानू मैदान पहुंचेगी। वहां 101 दूल्हे अपनी होने वाली दुल्हनों से मिलकर विवाह संपन्न करेंगे। सांसद कार्यालय और रामगढ़ में बनाए गए रजिस्ट्रेशन कार्यालय में आर्थिक रूप से कमजोर, विकलांग या पिता रहित लड़कियों के परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस बार उनका प्रयास केवल विवाह कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जोड़ों के परिवार बसाने और रोजगार उपलब्ध कराने के माध्यम से गृहस्ती को मजबूत करना भी उद्देश्य है। तैयारियां पूरी होने के बाद 8 फरवरी 2026 को यह सामूहिक विवाह उत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा।

