Godda : गोड्डा के मेहरमा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना मेहरमा-ठाकुरगंगटी मुख्य मार्ग के चंपा गांव के पास हुई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय विक्रम पासवान के रूप में हुई है, जो मानगढ़ थाना क्षेत्र के प्रकाश पासवान के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, विक्रम 20 दिन पहले शादी के बाद अपनी ससुराल बलबड्डा थाना क्षेत्र के लोचिन्ता गांव गए थे और घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विक्रम सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा पहुंचाया, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। मृतक की मां माला देवी ने बताया कि बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच कर रही है।

Also Read : सड़क हादसे में एक परिवार के पांच लोग जख्मी

