Giridih (Goswami Naresh Nath) : गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड क्षेत्र के दलिया स्थित विवादित पत्थर खदान में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हुई। मारपीट और गोलीबारी की इस घटना में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति को गोली लगी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, यह खदान कई वर्षों से बंद थी, लेकिन हाल ही में बिहार के नवादा जिले से आए एक संचालक ने गुंडों के सहारे खदान का संचालन शुरू कर दिया। जब स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो संचालक पक्ष के लोगों ने मारपीट और गोलीबारी शुरू कर दी। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। जानकारी मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। घायल लोगों को जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोली चलाने वालों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद दलिया और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Also Raed : बिहार विस चुनाव 2025 : दूसरे चरण की वोटिंग जारी, सुबह 11 बजे तक 31.38% मतदान

