Jamshedpur : जमशेदपुर में सीतारामडेरा थाना पुलिस ने हरेराम सिंह के घर फायरिंग मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो शूटरों को पांडेय घाट के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सकाची काशीडीह लाइन निवासी राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू (32) और गोलमुरी निवासी राजेश गिरि उर्फ दांतू (26) के रूप में हुई है। दोनों गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित सफेद एक्टिवा स्कूटी से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलने पर डीएसपी हेडक्वार्टर-1 की टीम और रात्रि गश्ती दल ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम की मैगजीन, दो जिंदा गोलियां, 315 बोर का देशी कट्टा और सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की। पूछताछ में दोनों ने 10 अक्टूबर को कारोबारी हरेराम सिंह के घर फायरिंग में शामिल होने की बात स्वीकार की।

इससे पहले मुख्य षड्यंत्रकारी आकाश सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया था। साजिशकर्ता दशरथ शुक्ला को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जल्द ही उसे पूछताछ के लिए जमशेदपुर लाया जाएगा।
Also Read : HIV संक्रमित रक्त मामले के विरोध में धनबाद भाजपा ने दिया धरना

