झारखंड:- जमशेदपुर पुलिस ने सीतारामडेरा निवासी कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर हुई फायरिंग मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने प्रिंस खान-सुजीत सिन्हा गिरोह के दो शूटरों राजेश और कुंडू को कदमा के शास्त्री नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले इस गिरोह से जुड़े आकाश सिंह को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। गिरोह का नाम दशरथ शुक्ला की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था। दशरथ ने पूछताछ में बताया था कि हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग की साजिश प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा ने जेल से ही रची थी, ताकि रंगदारी वसूली जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के सरगना सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान जेल में रहते हुए भी अपने गुर्गों के जरिए हत्या, आगजनी और रंगदारी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
सूत्रों के अनुसार दशरथ शुक्ला ने अपने बयान में बताया कि वह और उसके साथी गैंगस्टर सुजीत सिन्हा, प्रिंस खान और सुजीत की पत्नी रिया सिन्हा के लिए रांची और जमशेदपुर में काम करते थे। वर्ष 2019 में घाघीडीह जेल में दशरथ की मुलाकात सुजीत सिन्हा से हुई थी, जिसके बाद वह गिरोह से जुड़ गया।
2 अक्टूबर 2025 को दशरथ अपने साथी आकाश सिंह के साथ रांची गया था, जहां कांके के चौटनी चौक के पास उसने गिरोह के सदस्यों बबलू खान, मो. सिराज उर्फ मदन और मो. शाहिद से छह पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस लिए। इनमें से तीन पिस्टल और 25 कारतूस पुलिस ने जमशेदपुर के अपराधियों राजेश (केबल टाउन) और काशीडीह निवासी कोदू उर्फ कोदू पाजी के पास से बरामद किए।
पुलिस ने दोनों शूटरों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया है।
Also Read:- BIG NEWS : अब 6 साल से पहले क्लास-1 में एडमिशन नहीं, राज्यों को निर्देश जारी
Also Read:-Jharkhand Polytechnic प्रवेश परीक्षा के लिए इस दिन से होगा आवेदन, नोटिफिकेशन जारी
Also Read:-छात्राओं के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी ने दी GOOD NEWS, महीने में मिलेगी एक दिन की MENSTRUAL LEAVE

