Ranchi : इस बार धनतेरस पर राजधानी रांची में खरीदारी ने बाजार में नई चमक ला दी है। लोग न केवल सोना-चांदी और बर्तनों तक सीमित रहे, बल्कि लग्जरी कार, सुपरबाइक, महंगे गहने और हाई-टेक गैजेट्स की खरीदारी में भी खूब उत्साह दिखा।
लग्जरी उत्पादों की बढ़ी मांग
शोरूम संचालकों के अनुसार, 30 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू एस-1000 आरआर सुपरबाइक की बुकिंग हुई। तनिष्क (लालपुर) में 200 ग्राम का 30 लाख रुपये का एंटिक गोल्ड सेट भी बुक किया गया। इलेक्ट्रॉनिक्स में 6.5 लाख रुपये का 100 इंच नियो क्यूएलईडी टीवी और 5.05 लाख रुपये का 809 लीटर वाला स्मार्ट फ्रीज खूब पसंद किया गया। शोरूम संचालकों का कहना है कि जीएसटी में कटौती, आसान ईएमआई और बैंकों के कैशबैक ऑफर्स के कारण मध्यम वर्ग के लोग भी अब महंगे उत्पाद खरीद रहे हैं।
जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री में भीड़, सर्वर स्लो
धनतेरस के मौके पर शनिवार, 18 अक्टूबर 2025 को रांची के निबंधन कार्यालयों में जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए भारी भीड़ जुटने की संभावना है। करीब 250 स्लॉट बुक किए गए हैं। हालांकि, निबंधन कार्यालयों में सर्वर की धीमी गति परेशानी का सबब बनी हुई है। पहले एक डीड की रजिस्ट्री में 15-20 मिनट लगते थे, लेकिन अब 30-40 मिनट लग रहे हैं। शुक्रवार को भी सर्वर स्लो होने से रांची मेन निबंधन कार्यालय में 130 स्लॉट बुक होने के बावजूद 40 डीड की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। हिनू निबंधन कार्यालय में भी यही स्थिति रही। पिछले महीने झारभूमि का सर्वर झारखंड स्टेट डेटा सेंटर में स्थानांतरित होने के बाद से यह समस्या बनी हुई है।

Also Read : झारखंड में सर्दी का आगाज : धनतेरस पर सुहाना मौसम, दीपावली पर हल्की बारिश संभव