Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले NDA गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर तनाव बढ़ गया है। खासकर लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान की मांगों ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को जेडीयू की अहम बैठक बुलाई है।
बैठक का एजेंडा : सीट शेयरिंग और रणनीति पर चर्चा
मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली इस बैठक में जेडीयू के शीर्ष नेता और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। मुख्य मुद्दा आगामी चुनाव की तैयारियां और NDA में सीट बंटवारा तय करना होगा। नीतीश कुमार सहयोगियों से फीडबैक लेंगे कि किन सीटों पर पार्टी मजबूत है और किन पर सुधार जरूरी है।
चिराग की मांगें बनीं पेच
NDA में सबसे बड़ा विवाद चिराग पासवान से जुड़ा है। चिराग जेडीयू की कई सिटिंग सीटों पर दावा कर रहे हैं, जिनमें महनार, मटिहानी और चकाई जैसी सीटें शामिल हैं। यहां जेडीयू के विधायक हैं। जेडीयू इन सीटों को छोड़ने को तैयार नहीं है। पार्टी का कहना है कि जनाधार वाली सीटें किसी कीमत पर नहीं छोड़ेंगी। सूत्रों के मुताबिक, आज की बैठक में इसी पर विस्तृत चर्चा होगी।

विपक्ष पर भी नजर, उम्मीदवारों पर विचार
बैठक में सिर्फ NDA के अंदरूनी मुद्दे नहीं, बल्कि महागठबंधन के समीकरणों पर भी बात होगी। जेडीयू आंकलन करेगी कि विपक्ष किन सीटों पर मजबूत है और NDA को कहां फायदा है। कुछ सीटों पर नए उम्मीदवार उतारने या मौजूदा विधायकों का टिकट काटने पर भी विचार हो सकता है।
NDA का दावा : 14 नवंबर को बनेगी नीतीश सरकार
NDA नेताओं का आत्मविश्वास कायम है। केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा, “चुनाव की तारीखों का इंतजार सबको था। 14 नवंबर को बिहार में फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA सरकार बनेगी। जनता विकास और स्थिरता के लिए नीतीश पर भरोसा करती है।”
Also Read : महिला विश्व कप 2025 : भारत vs दक्षिण अफ्रीका… जानें विशाखापट्टनम की पिच रिपोर्ट