Jamshedpur : इस दीपावली में जमशेदपुर रोशनी से जगमगाएगी। नगर निकायों ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। शहर में 69 हाईमास्ट और 2300 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। मानगो में 19 हाईमास्ट और 1500 स्ट्रीट लाइटें, जबकि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र में 30 हाईमास्ट और 800 स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। 18 हाईमास्ट और सभी स्ट्रीट लाइटों का टेंडर हो चुका है, वहीं 12 हाईमास्ट के लिए नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर निकाला जाएगा और लाइटें लगाने का काम शुरू होगा।
खराब लाइटें बदलने का काम शुरू
नगर निकायों ने कई टीमें बनाकर खराब स्ट्रीट लाइटों की जांच शुरू कर दी है। मानगो में 7255 स्ट्रीट लाइटें और 65 हाईमास्ट पहले से हैं। यहां 10% लाइटें खराब हैं, जिन्हें बदलने का काम चल रहा है। पांच टीमें स्ट्रीट लाइटों की निगरानी कर रही हैं। मानगो में 1500 नई स्ट्रीट लाइटें उन इलाकों में लगेंगी, जहां नए पोल लगे हैं या लाइटें नहीं हैं। इसके लिए नगर विकास विभाग से मंजूरी का इंतजार है।
कहां-कहां लगेंगी हाईमास्ट लाइटें?
मानगो में नौ जगहों पर हाईमास्ट लाइटें लगेंगी। गांधी मैदान में पांच, हनुमान मंदिर, गोकुल नगर, मून सिटी, खड़िया बस्ती और रिपीट कॉलोनी में एक-एक हाईमास्ट लगेगा। जमशेदपुर में 12 हाईमास्ट अक्षेस क्षेत्र में और 18 अन्य जगहों पर लगेंगे। ये लाइटें बर्मामाइंस, जेम्को, बिरसानगर, गोलमुरी, टेल्को, कदमा, उलियान जैसे इलाकों में लगाई जाएंगी। हाईमास्ट की ऊंचाई 12, 16 और 20 मीटर होगी, जिनमें 110 से 200 वाट की लाइटें लगेंगी। एक हाईमास्ट की कीमत 4.98 लाख से 7.20 लाख रुपये तक है।

छठ घाट भी होंगे रोशन
मानगो नगर निगम छठ घाटों को भी रोशनी से सजाएगा। इंटेकवेल छठ घाट पर तीन हाईमास्ट और श्यामनगर, रामनगर, वास्तु विहार, शांति नगर, चाणक्यपुरी, वर्कर्स कॉलेज घाट और लक्ष्मण नगर में एक-एक हाईमास्ट लगेगा। इसके लिए नगर विकास विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही काम शुरू होगा।
निगरानी के लिए टीमें सक्रिय
जमशेदपुर में 12 हजार स्ट्रीट लाइटें और 160 हाईमास्ट पहले से हैं। दीपावली की तैयारी के लिए छह टीमें लाइटों की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही नई लाइटें लगाने का काम शुरू हो जाएगा, ताकि दीपावली पर शहर पूरी तरह रोशन रहे।
Also Read : रांची रेलवे स्टेशन पर दो युवक अवैध शराब के साथ गिरफ्तार