Ranchi : झारखंड में अब मानसून अपने आखिरी पड़ाव पर है, लेकिन जाते-जाते मौसम फिर बदल गया है। गुरुवार को रांची, खूंटी समेत कई जिलों में हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 14 अक्टूबर के बीच मानसून राज्य से पूरी तरह लौट जाएगा।
इसके बाद ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे प्रदेश में ठंड का असर दिखने लगेगा और गुलाबी सर्दी की शुरुआत हो जाएगी।
बुधवार को मौसम रहा सुहावना
बीते बुधवार रांची और आसपास के जिलों में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद हल्की फुहारों ने मौसम खुशनुमा कर दिया। इसके बाद धूप और ठंडी हवाओं ने हल्की ठंड का एहसास कराया।

कहां-कहां होगी बारिश?
आज यानी गुरुवार को रांची, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़ और जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) में बारिश और वज्रपात हो सकता है।
पिछले 24 घंटे का हाल
धनबाद के गोविंदपुर में सबसे ज्यादा 37.4 मिमी बारिश हुई। वहीं, पाकुड़ में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और लातेहार में न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश की वजह
संताल परगना और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। साथ ही बांग्लादेश के दक्षिणी हिस्से में भी सिस्टम सक्रिय है, जिससे नमी वाली हवाएं झारखंड की ओर आ रही हैं और बारिश हो रही है।
अक्टूबर में अब तक दोगुनी बारिश
1 से 8 अक्टूबर के बीच झारखंड में औसतन 66.1 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से करीब दोगुनी है। अब मौसम साफ रहेगा और तापमान में गिरावट आने लगेगी।