Giridih : गिरिडीह जिले में पिता और बेटे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के आसनसोल, बुद्धा कॉलोनी निवासी सुजैय मल्लिक (40) और उनके बेटे प्रतीक मल्लिक (12) के तौर पर की गई है। दोनों दुर्गा पूजा मनाने के लिए गांव आए थे। घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र के पोरदाग गांव से सामने आई है।
गहरे पानी में फंसने से हादसा
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सुजैय मल्लिक अपने बेटे प्रतीक के साथ लालू बांध तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उनकी चीखें सुनाई नहीं दीं और हादसा हो गया।
बाइक और कपड़े देखकर गहराई आशंका
कई घंटे बीतने के बाद भी पिता-पुत्र घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन करने पर तालाब के किनारे उनकी बाइक, कपड़े और मोबाइल फोन मिले। इससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तालाब में तलाश शुरू की और देर शाम दोनों के शव निकाले गए। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही असुरबांध पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार ने निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बॉडी को कब्जे में लिया और रविवार को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब का पानी बहुत गहरा था, जो हादसे की मुख्य वजह बना।
परिवार में मातम
इस हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस दुखद घटना की चर्चा जोरों पर है।
Also Read : घाटशिला उपचुनाव : झामुमो ने फूंका चुनावी बिगुल, मंत्रियों ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश