Ranchi : गांधी जयंती के अवसर पर रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जेल अदालत-सह-विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में माननीय न्यायिक दंडाधिकारी मयंक मलियाज, मनीश कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद थे।
जेल अदालत में विभिन्न अदालतों में लंबित 4 मामलों की सुनवाई की गई। इसके तहत एक बंदी को जेल अदालत का लाभ देकर कारा से रिहा किया गया। बंदियों ने अपने आवेदन जेल अदालत में पेश किए थे, जिनका निपटारा किया गया।
इस अवसर पर कारापाल, कारा लिपिक, कारा कर्मी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य, न्यायालय कर्मी और बंदी उपस्थित थे। शिविर में बंदियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दी गईं और उनकी समस्याओं को सुना गया। अधिकारियों ने कारा कर्मियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने बताया कि यह आयोजन बंदियों को कानूनी सहायता और जागरूकता प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया। इस तरह के आयोजन से बंदियों को न्याय मिलने में मदद मिलती है और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान होता है।
Also Read : दुर्गा पूजा पंडाल में नशे में धुत युवकों का हंगामा, गाड़ियों के शीशे तोड़े