Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में स्थित दो प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों बांधगाड़ी दुर्गा पूजा समिति, दीपाटोली और हरिमती मंदिर दुर्गा पूजा समिति, लालपुर का विधिवत उद्घाटन (पट अनावरण) किया। इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन किए और श्रद्धा पूर्वक शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने पूजा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ भक्तिमय माहौल में भाग लिया और राज्य के विकास, जनता की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की।
श्रद्धा और आस्था का उमड़ा सैलाब
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। श्रद्धालु भारी संख्या में पंडालों में पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रांची की दुर्गा पूजा की परंपरा बहुत पुरानी है और हर वर्ष इसकी भव्यता में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा, “मां दुर्गा से यही प्रार्थना है कि यह परंपरा हर वर्ष और आगे बढ़े और राज्यवासियों की सभी मनोकामनाएं पूरी हों।”

मुख्यमंत्री का हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के पंडाल में आगमन पर पूजा समितियों की ओर से उनका पुष्पगुच्छ व शॉल देकर भव्य स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात की और उन्हें दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान पंडालों में भक्ति, संगीत और माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। मुख्यमंत्री ने पंडालों की सजावट और समिति द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा,
“यह पर्व हमें शक्ति, भक्ति और एकता का संदेश देता है। मां दुर्गा की कृपा से झारखंड तरक्की की नई ऊंचाइयों को छूए, यही मेरी कामना है।”
Also Read : शारदीय नवरात्रि 2025 : सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा… जानें मंत्र और भोग