Jamshedpur: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में एक महिला ने फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 28 वर्षीय मालती कुमारी के रूप में हुई है। मालती ने घर में लगे पंखे से चुन्नी के सहारे फांसी लगाई। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी, उसका पति ड्यूटी पर गया हुआ था और दोनों बच्चे स्कूल गए थे।
मालती ने फेसबुक लाइव में अपने पति सहदेव यादव पर प्रताड़ना का आरोप लगाया और कहा कि आपसी विवाद और लगातार मानसिक दबाव के कारण वह यह कदम उठा रही है। मालती के भाई ने बताया कि उसकी शादी 2013 में सहदेव यादव से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। सहदेव टाटा स्टील में ठेका कर्मी है। मृतका का मायका गिरीडीह में है, जबकि ससुराल कोडरमा में है, लेकिन वह पति और बच्चों के साथ कदमा में रहती थी।
परिजनों ने तत्काल उसे टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही महिला के मायके वाले अस्पताल पहुंचे और पति पर गंभीर आरोप लगाए। कदमा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया लाइव वीडियो के आधार पर सहदेव यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
