Ranchi : बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसका असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है।
इस दौरान 30 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश की संभावना बनी हुई है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर सिस्टम बनने जा रहा है।
बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। हालांकि, अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

बारिश और तापमान की स्थिति
- रांची में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश हुई।
- पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 21 मिमी बारिश दर्ज की गई।
- सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।
मानसून अब तक सामान्य से बेहतर
इस साल 1 जून से 25 सितंबर तक झारखंड में 1173.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 992 मिमी है। यानी राज्य में 18% अधिक बारिश दर्ज की गई है।
सबसे ज्यादा बारिश वाले जिले :
- पूर्वी सिंहभूम – 1625.7 मिमी (53% अधिक)
- सरायकेला-खरसावां – 51% अधिक
- लातेहार – 36% अधिक
- रांची – 50% अधिक
- चाईबासा – 33% अधिक
- चतरा – 11% अधिक
सबसे कम बारिश वाले जिले :
- पाकुड़ – 31% कम
- गोड्डा – 14% कम
- देवघर – 13% कम
- गढ़वा – 7% कम
सितंबर में बारिश की स्थिति
1 से 25 सितंबर तक राज्य में 162.3 मिमी वर्षा हुई है, जबकि सामान्य औसत 192.2 मिमी है। यानी सितंबर में अब तक 16% कम बारिश दर्ज की गई है।
Also Read : एशिया कप 2025 : सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में भारत-श्रीलंका भिड़ेंगे… जानें पिच रिपोर्ट