Ranchi : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का भी खतरा है।
बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है। म्यांमार और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसके कारण 25 सितंबर को नया लो-प्रेशर बन सकता है। इसका असर झारखंड में 30 सितंबर तक देखने को मिलेगा।
रांची में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों में रांची के मांडर में 140.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो एक नया रिकॉर्ड है। सिमडेगा, खूंटी, गुमला, रामगढ़ और हजारीबाग जैसे जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। 1 जून से 24 सितंबर तक रांची में 1509.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से लगभग 50% ज्यादा है।

तापमान में बदलाव नहीं
बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री दर्ज किया गया। गोड्डा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 34.6 डिग्री तक पहुंचा।
Also Read : नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा, जानें महत्व और पूजन विधि