Patna : बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 18 से 23 सितंबर तक विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलन के पांचवें चरण की शुरुआत करने का ऐलान किया है। इस दौरान राज्य की 55 विधानसभा सीटों पर कार्यक्रम होंगे।
NDA की संयुक्त प्रेस वार्ता
पटना में जदयू प्रदेश कार्यालय में NDA के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया कि यह पांचवां चरण NDA के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे पहले चार चरणों में 31, 38, 34 और कई अन्य विधानसभाओं में सफल सम्मेलन हो चुके हैं।
कुशवाहा ने दावा किया, “हमारा लक्ष्य 2025 में नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है। हम बिहार की ज्यादातर सीटों पर जीत हासिल करेंगे।” उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार बिहार के विकास के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी हताशा साफ दिख रही है।
महिलाओं की भागीदारी पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने कहा कि एनडीए के हर चरण में कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाई है। इस बार सम्मेलनों में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा है, जो सरकार के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है।
जयसवाल ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, “विपक्ष विकास की बात नहीं करता, केवल दिखावे की राजनीति करता है। जो लोग अस्पतालों पर सवाल उठाते हैं, वे बताएं कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने क्या किया? बिहार में मेट्रो, पुल और अन्य ढांचागत विकास हुआ, जो विपक्ष को दिखाई नहीं देता।”
संगठन को मजबूती
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन को और मजबूत कर रहे हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी उत्साहजनक है। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर एनडीए को मजबूत कर रहे हैं और पांचवें चरण के लिए तैयार हैं।”
चुनावी रणनीति का हिस्सा
NDA का यह आक्रामक प्रचार अभियान बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बड़ा कदम माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से गठबंधन को मजबूती मिल रही है।