Johar Live Desk : PM नरेंद्र मोदी जल्द ही चीन के तिआंजिन शहर का दौरा करेंगे, जहां वे 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह दौरा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर हो रहा है।
विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीएम मोदी सम्मेलन के दौरान कुछ अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी कर सकते हैं। शिखर सम्मेलन की शुरुआत 31 अगस्त को एक स्वागत भोज से होगी और मुख्य बैठक 1 सितंबर को होगी।
SCO संगठन का मुख्य मकसद क्षेत्र में आतंकवाद, उग्रवाद और अलगाववाद जैसी समस्याओं से निपटना है। भारत 2017 में SCO का पूर्ण सदस्य बना था और तब से इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
भारत ने 2023 में इस संगठन की अध्यक्षता भी की थी, जिसके दौरान वाराणसी को पहली SCO सांस्कृतिक और पर्यटन राजधानी घोषित किया गया था। इसके अलावा भारत ने संगठन की कई अहम बैठकों की मेजबानी भी की थी, जिनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हिस्सा लिया था।
SCO के वर्तमान 10 सदस्य देश हैं: भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान। इसके साथ ही कई पर्यवेक्षक और संवाद साझेदार देश भी इस संगठन से जुड़े हुए हैं।
PM मोदी की यह यात्रा भारत की कूटनीतिक सक्रियता और क्षेत्रीय सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
Also Read : हजारीबाग में 19 पुलिस अधिकारियों का तबादला… देखें लिस्ट