Ranchi : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण झारखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। शुक्रवार को रांची, गुमला और लातेहार में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है और इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
जमशेदपुर में हुई अच्छी बारिश
गुरुवार को जमशेदपुर में खूब बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 1 जून से 21 अगस्त तक 900.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 721.2 मिमी से 25% अधिक है।
तापमान में गिरावट की संभावना
अगले तीन दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
शनिवार को भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 23 अगस्त को भी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की संभावना जताई है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा और दुमका में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 24 अगस्त को 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटे में खरसेमा (सरायकेला-खरसावां) में सबसे अधिक 67.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में और सबसे कम 21.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा।
रांची में सामान्य से 50% अधिक बारिश
1 जून से 21 अगस्त तक रांची में 1108.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 50% अधिक है। हालांकि, देवघर, गढ़वा, पाकुड़ और लोहरदगा में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। देवघर में 9%, गढ़वा में 6%, लोहरदगा में 3% और पाकुड़ में 18% कम बारिश हुई है।
Also Read : ELVISH YADAV के घर फायरिंग मामले में एक आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार