Patna : बिहार विधानसभा परिसर में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान की धुन के बीच तिरंगे को सलामी दी। समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले महानायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “यह आज़ादी हमें आसानी से नहीं मिली। यह उन हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग का परिणाम है, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।”
अध्यक्ष यादव ने महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को देश के इतिहास की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भारत के स्वतंत्रता के 100 वर्ष (2047) तक इसे एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा, “एकता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा ही वह मूलमंत्र हैं, जिनसे हम अपने देश को विकास की ऊँचाइयों पर ले जा सकते हैं। राष्ट्र का भविष्य हम सभी के हाथों में है।”
इस समारोह में विधानसभा के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य आमंत्रित गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। हालांकि कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां नहीं हुईं, फिर भी ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के दौरान देशभक्ति की गूंज ने वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।

Also Read : चिराग पासवान ने NDA से अलग होने की खबरों को किया खारिज, कहा…