Bokaro : बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत खंबरा पंचायत के करमांटांड गांव के रहने वाले प्रवासी मजदूर निरंजन हेम्ब्रम उर्फ बबलू हेम्ब्रम (52 वर्ष) की पुणे में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब उनका शव गांव पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।
निरंजन हेम्ब्रम पुणे की एक निजी कंपनी में मसाला पैकिंग का काम करते थे। मंगलवार को उन्हें अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
मृतक की बेटी नैंसी हेम्ब्रम ने बताया कि उन्हें फोन पर इस घटना की जानकारी मिली। निरंजन का इकलौता बेटा अभिषेक हेम्ब्रम भी पिता की मौत के एक दिन पहले ही काम की तलाश में पाकुड़ गया था, जो खबर मिलते ही वापस लौट आया।
पंचायत के मुखिया बंटी उरांव और राजद श्रमिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अरुण यादव ने घटना पर शोक जताया है। अरुण यादव ने झारखंड में बढ़ते पलायन पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर राज्य में रोजगार की सुविधा होती, तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने राज्य सरकार से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। गोमिया के बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि यदि मृतक श्रम विभाग में पंजीकृत थे, तो उनके परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
Also Read : पुल के पिलर हवा में झूल रहे, प्रशासन ने किया आवागमन बंद
Also Read : रांची के कई इलाकों में 20 जुलाई को निषेधाज्ञा… जानें क्यों